फरार आरोपियों के घर ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने चस्पा किया नोटिस
फरार आरोपियों के घर ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने चस्पा किया नोटिस

Date/29/06/2026
Bhagwanpur/Uttarakhand prime 24×7
भगवानपुर। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के सख्त निर्देशों के बाद भगवानपुर पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गिरफ्तारी से बच रहे दो आरोपियों के घर सोमवार को न्यायालय के आदेश पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा (मुनादी) कराई गई।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को वादी सुधीर त्यागी ने बी.डी. इंटर कॉलेज की भूमि को फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से बेचने का आरोप लगाते हुए कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में दुष्यंत त्यागी सहित संस्था के अन्य सदस्यों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस ने पहले ही आरोपी दुष्यंत त्यागी और मुरसलीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी बाबूराम पुत्र सुगनचंद निवासी खजुरी, थाना झबरेड़ा तथा महेंद्र सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी रूहलकी, थाना भगवानपुर लगातार फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय के आदेश पर उनके घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अपराध कर फरार होने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




