
Date/29/06/2026
Dehradun Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। किच्छा के चर्चित विक्रांत बागी हत्याकांड के बाद फरार बताए जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की मानें तो दोनों उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। इधर, टिहरी के धनौल्टी क्षेत्र में पहाड़ी में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दरअसल, उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिसके तहत किच्छा के लालपुर क्षेत्र में हुए विक्रांत बागी हत्याकांड में नामजद बताए जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की मानें तो गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर (उम्र 23 वर्ष) और अंकित सागर उर्फ गट्टी (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर खुद को गैंगस्टर के रूप में पेश करने की बात स्वीकारी है।
पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बाइक से ब्लॉक रोड के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के अनुसार दोनों भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सिप्पी सागर के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि, अंकित सागर के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी रील व वीडियो अपलोड कर खुद को बड़े गैंगस्टर के रूप में पेश करते थे। ताकि, क्षेत्र में युवाओं पर प्रभाव और दबदबा बना सकें।
पुलिस के अनुसार, किच्छा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद दोनों गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे थे और उत्तर प्रदेश भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सिप्पी सागर के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैर इरादतन हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
अंकित सागर पर भी मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बरामद अवैध हथियारों के संबंध में भी आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी उधमसिंह नगर अजय गणपति ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराध का महिमामंडन करने वाले और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
टिहरी जिले के थौलधार विकासखंड के ज्यूदाशूं इलाके में एक युवक पहाड़ी में गिर गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। युवक की पहचान जौलगीं ज्यूदाशूं निवासी दीपक पुत्र स्व। बीरेंद्र लाल (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इस वक्त कंडीसौड़ में रह रहा था। बताया जा रहा है कि दीपक कंडीसौड़ से अपने गांव जौलगीं ज्यूदाशूं अपने चाचा के यहां पूजा में शामिल होने के लिए गया था, जो कि रविवार को आसपास घूमने के निकला था। तभी रगड़ा नामे तोक में अचानक पैर फिसलने से वो पहाड़ी से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।




