Date/25/11/2026
Roorkee/ Uttarakhand prime 24×7
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर संस्थान ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के रूप में 25 वर्ष पूरे किए और अपनी गौरवशाली संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश किया। वर्ष 1847 में थॉमसन कॉलेज ऑफ सिविल इंजीनियरिंग के रूप में स्थापित यह संस्थान देश की शिक्षा, विज्ञान, अभियांत्रिकी और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। स्थापना दिवस समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल और आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत तथा टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी और भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष आर. मुकुंदन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इसके अलावा संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार, संसाधन एवं पूर्व छात्र मामलों के अधिष्ठाता प्रो. योगेश शर्मा, प्रतिष्ठित पूर्व छात्र, शिक्षाविद, संकाय सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थी भी समारोह में शामिल हुए।स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत 24 नवंबर को पूर्व छात्रों, उद्यमियों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्रों से हुई। दीक्षांत समारोह सभागार में ‘बिल्डिंग बिग’, ‘डीप टेक एंड एआई’ और ‘फायर चैट’ विषयों पर तीन विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें व्यावसायिक नेतृत्व, तकनीकी नवाचार, उद्यमिता और नए विचारों को प्रभावी समाधानों में बदलने के अनुभव साझा किए गए।फायर चैट सत्र में टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. मुकुंदन ने अपने विचार रखे। सत्र का संचालन प्रबंधन अध्ययन विभाग के प्रमुख प्रो. विनय शर्मा ने किया। इसमें पूर्व छात्र नवनीत चहल, ऋषि दास, राहुल चैधरी, अंबुज कुमार, सुमित जैन, सर्वेश महेश, रुचि वर्मण्य, राजेश कुमार पाठक, रूपेश कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार ने भी सहभागिता की।मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने कहा कि अपनी मातृ संस्था आईआईटी रुड़की में लौटना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1847 में स्थापित इस संस्थान ने देश के अभियांत्रिकी, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जल संसाधन, भूकंप अभियांत्रिकी, आपदा न्यूनीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संस्थान का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ने तथा जिम्मेदारी के साथ नवाचार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही पूर्व छात्रों से अपनी मातृ संस्था के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहने और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने की अपील की। 25 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पांच किलोमीटर की ‘रन फॉर लेगेसी’ दौड़ आयोजित की गई। इसके साथ ही वर्ष 1999 के पूर्व छात्र समूह के सहयोग से विकसित आधारभूत संरचना परियोजनाओं का उद्घ्ााटन किया गया। समारोह में प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें संस्थान की अनुसंधान क्षमताओं, नवाचारों और तकनीकी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। पूर्व छात्र पुरस्कार समारोह में शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्योग, उद्यमिता और लोक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया।इस पुरस्कार से प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. ए.के. सभरवाल और प्रो. ई. बालागुरुसामी को सम्मानित किया गया।