वनाग्नि रोकथाम के लिए स्वयंसेवकों को दिया प्रशिक्षण – Uttarakhand Prime 24X7

वनाग्नि रोकथाम के लिए स्वयंसेवकों को दिया प्रशिक्षण

Date/25/11/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। आगामी वनाग्नि सीजन में जंगलों को आग से बचाने और आग की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने के उद्देश्य से मसूरी वन प्रभाग और हंस फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से वनाग्नि प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। मसूरी वन प्रभाग परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को वनाग्नि की रोकथाम, नियंत्रण तथा बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वनाग्नि की घटनाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना, आग बुझाने के आधुनिक तरीकों की जानकारी देना और वन विभाग, स्थानीय ग्रामीणों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। मॉक ड्रिल के माध्यम से वनाग्नि की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, बचाव उपायों और आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।इस अवसर पर वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले स्थानीय ग्रामीणों, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी वन संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।हंस फाउंडेशन की दिव्या ज्योति बिजल्वाण ने कहा कि संस्था की ओर से स्वयंसेवी अग्निशमन दल के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वनाग्नि की घटनाओं के दौरान वे वन विभाग के साथ मिलकर आग बुझाने और जंगलों को सुरक्षित रखने में सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि हंस फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है।उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश प्रसाद नौडियाल ने कहा कि आगामी वनाग्नि सीजन को देखते हुए मसूरी वन प्रभाग में ग्रामीणों और स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें हंस फाउंडेशन महत्वपूर्ण सहयोग कर रहा है। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जंगलों की सुरक्षा में बेहतर कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित कर अन्य लोगों को भी प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी देवी प्रसाद बलूनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश प्रसाद नौडियाल, मसूरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चैहान, रायपुर के वन क्षेत्राधिकारी हरीश गैरोला, वन विभाग के विभिन्न प्रभागीय एवं रेंज स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हंस फाउंडेशन के वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक पुरुषोत्तम थपलियाल, दिव्या ज्योति बिजल्वाण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *