राज्य आंदोलन और राम मंदिर आंदोलन के योद्धा डॉ. गोयल को भावभीनी श्रद्धांजलि – Uttarakhand Prime 24X7

राज्य आंदोलन और राम मंदिर आंदोलन के योद्धा डॉ. गोयल को भावभीनी श्रद्धांजलि

Date/25/11/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के सक्रिय योद्धा और राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. हरिमोहन गोयल के निधन पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से शहीद स्थल पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान शहर के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा राज्य निर्माण और राम मंदिर आंदोलन में उनके योगदान को याद किया श्रद्धांजलि सभा में राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष देवी गोदियाल ने कहा कि डॉ. हरिमोहन गोयल उन आंदोलनकारियों में शामिल थे, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण की लड़ाई में सबसे अधिक उत्पीड़न सहा। राज्य आंदोलन के दौरान उन्हें जेल जाना पड़ा और इसके बाद करीब 14 वर्षों तक सीबीआई के मुकदमों का सामना करना पड़ा। मुकदमों की पैरवी के लिए उन्हें अपने खर्च पर इलाहाबाद तक जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि डॉ. गोयल के आकस्मिक निधन से राज्य आंदोलनकारी समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने मांग की कि राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों के निधन पर सरकार की ओर से राजकीय सम्मान दिया जाना चाहिए।भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि डॉ. हरिमोहन गोयल भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और इसके बाद उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान उन्हें पुलिस उत्पीड़न का सामना करना पड़ा और लंबे समय तक सीबीआई के मुकदमे भी लड़ने पड़े। उनके निधन से भाजपा परिवार सहित पूरा मसूरी शहर शोकाकुल है। उन्होंने कहा कि डॉ. गोयल केवल राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील चिकित्सक और निर्भीक पत्रकार भी थे। वे निर्धन मरीजों से उपचार के पैसे नहीं लेते थे और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करते थे। पत्रकारिता के माध्यम से भी उन्होंने अपने लेखों के जरिए समाज और शासन-प्रशासन को जागरूक करने का कार्य किया। उनका अपना साप्ताहिक समाचार पत्र भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *