बद्रीनाथ हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने कुचला नंदी – Uttarakhand Prime 24X7

बद्रीनाथ हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने कुचला नंदी

दिनांक/18/05/2025

Rudraprayag/Uttarakhandprime 24×7 

रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ हाईवे के जवाड़ी बाईपास पुलिस चैकी के नजदीक एक तेज रफ्तार वाहन ने नंदी को कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नंदी की सूचना मिलने पर गौ रक्षा विभाग की टीम पशुपालन के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची और उपचार करने के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों के सहयोग से नंदी को रैंतोली गोसदन पहुंचाया।

शनिवार सुबह करीब पांच बजे गौ रक्षा विभाग को सूचना मिली कि बद्रीनाथ हाईवे के जवाड़ी बाईपास पुलिस चैकी के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने एक नंदी को बुरी तरह कुचल दिया है। सूचना पर तत्काल गौ रक्षा विभाग की टीम पशुपालन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। तेज रफ्तार वाहन ने नंदी को बुरी तरह कुचला, जिससे पैरों से लेकर उसके शरीर के कई अंगों पर चोटे आई हुई हैं। मौके पर टीम ने घायल नंदी का उपचार किया। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारियों के सहयोग से जख्मी नंदी को किसी तरह उठाकर वाहन से गोसदन रैंतोली पहुंचाया। गोसदन में गौ रक्षा विभाग की टीम की देख-रेख में घायल नंदी का उपचार किया जा रहा है।

गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि इन दिनों चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। वाहन चालक सावधानी नहीं बरत रहे हैं और तेज रफ्तार से निराश्रित पशुओं को कुचल रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन और पुलिस विभाग को इस मामले में गंभीर होने की जरूरत है। आये दिन सड़कों में घूम रहे निराश्रित गोवंश तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो रहे हैं। जबकि अब तक कई गोवंश की वाहन की चपेट में आने से मौत भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिला प्रशासन और सरकार को भी गंभीर होने की जरूरत है। गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोग अपने मवेशियों का उपयोग करने के बाद उन्हें मरने के लिए सड़कों में छोड़ रहे हैं। ऐसे असामाजिक लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की जरूरत है। उन्होंने पशुपालन विभाग, नगर पालिका एवं पुलिस से ऐसे असामाजिक लोगों की धरपकड़ कर जेल भेजने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे लोगों पर कठोर जुर्माना के साथ जेल की सजा नहीं होती, तब तक ऐसे मामलों में सुधार आ पाना बहुत मुश्किल है। इस मौके पर गौ रक्षा विभाग के जिला उपाध्यक्ष दीपक नौटियाल, पशुपालन विभाग के राहुल, पालिका सफाई हेड मनीष गोडियाल के साथ अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *