तिलक लाइब्रेरी में युवा नवाचार और स्टार्टअप कार्यशाला आयोजित  – Uttarakhand Prime 24X7

तिलक लाइब्रेरी में युवा नवाचार और स्टार्टअप कार्यशाला आयोजित 

Date/17/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। कुलड़ी स्थित तिलक लाइब्रेरी में इनोवेशन चैलेंज एवं युवा स्टार्टअप कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मसूरी और आसपास के क्षेत्रों के युवा उद्यमियों, स्टार्टअप पेशेवरों तथा कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े नवाचारकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं ने अपने अनुभव साझा करने के साथ ही नए व्यवसाय शुरू करने में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत 2047 के संकल्प को ध्यान में रखते हुए युवाओं की बौद्धिक क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचार को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नए विचार और उद्यमशीलता देश की आर्थिक प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्टार्टअप शुरू करने, उसे आगे बढ़ाने, आर्थिक संसाधन जुटाने और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से जुड़ी चुनौतियों पर अपने विचार रखे। युवा नवाचारकर्ताओं ने उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की विभिन्न नीतियों की सराहना की। साथ ही सुझाव दिया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

कार्यशाला में इस बात पर भी जोर दिया गया कि युवाओं को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे रोजगार तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले भी बन सकें। कार्यक्रम के अंत में सक्रिय भागीदारी करने वाले युवा स्टार्टअप पेशेवरों और नवाचारकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रजत, नरेंद्र मेलवान, अनीता धनाई, जगजीत कुकरेजा, कमला थपलियाल, अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, सोनू, कुलदीप और राजीव अग्रवाल सहित अनेक युवा उद्यमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *