क्यारकुली-भट्टा में लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार – Uttarakhand Prime 24X7

क्यारकुली-भट्टा में लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

Date/17/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। मसूरी से सटे ग्राम सभा क्यारकुली-भट्टा में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक गायिका मीना आर्य ने लोकगीतों और सरल संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

लोक गायिका मीना आर्य ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और जरूरतमंद लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों, विशेषकर दहेज प्रथा, को समाप्त करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के प्रसार में ग्रामीणों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। लोकगीतों के माध्यम से दी गई जानकारी ने कार्यक्रम को रोचक बनाया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मीना कोटाल, भट्टा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता थापली, क्यारकुली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सपना थापली, भट्टा राजकीय प्राथमिक विद्यालय की अध्यापिका दमयंती रावत, उपप्रधान मोनिका जदवाण, शीला पुंडीर, रोजी मन्यूड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *