उत्तराखंड

पौड़ी जिले में गुलदार का खौफ, बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल

पौड़ी जिले में गुलदार का खौफ, बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल

Date/21/05/2026

Pauri/Uttarakhand prime 24×7 

पौड़ी। जनपद में लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों ने ग्रामीणों की जिंदगी को भय और असुरक्षा के माहौल में धकेल दिया है। पौड़ी से सटे कमंद गांव में बीते शुक्रवार को गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। वहीं शनिवार को पास के गांव की एक महिला पर भी गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे ग्रामीणों में डर और अधिक बढ़ गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद आसपास के गांव में रहने वाले छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। गांव के आसपास कई गुलदारों के घूमने की सूचना मिल रही है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जो युवा नौकरी या पढ़ाई के लिए बाहर आते-जाते हैं, उनमें भी भय का माहौल बना हुआ है। वहीं स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को लेकर अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। गांव में बच्चों की आवाजाही के लिए पर्याप्त वाहन व्यवस्था नहीं होने के कारण अभिभावक खुद बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने को मजबूर हैं।

हालांकि जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ दिनों के लिए गांव के विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन गांव के स्कूल खुलने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई बुजुर्ग अकेले रहते हैं और उनका जीवन कृषि तथा बागवानी पर निर्भर है। ऐसे में उन्हें खेतों और बगीचों तक जाना पड़ता है, जिससे उन पर जंगली जानवरों के हमले का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों को चिंता है कि कहीं गुलदार किसी और ग्रामीण को अपना शिकार न बना ले। ग्रामीणों ने बताया कि पहले गांव के लोग शाम के समय सड़कों पर टहलने निकलते थे और बच्चे घरों के आसपास खेलते दिखाई देते थे, लेकिन लगातार दो घटनाओं के बाद अब बच्चों को घरों के अंदर रखना मजबूरी बन गया है।

लोगों ने शाम के समय सड़कों पर निकलना भी बंद कर दिया है, क्योंकि कई ग्रामीणों ने गुलदार को गांव की सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में घूमते हुए देखा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है ताकि गांव में फैले भय के माहौल को खत्म किया जा सके। पौड़ी जनपद के कमंद गांव में लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। हाल ही में हुए हमलों के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम लगातार गांव में गश्त कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button