Rudraprayagउत्तराखंड

खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

Date/28/08/2026

Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। जनपद में खेल महाकुंभ-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा प्रतियोगिता स्थलों पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत एवं विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए खेल मैदानों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। प्रतियोगिता स्थलों पर प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने खेल मैदानों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रतियोगिताओं के दौरान चिकित्सकों की टीम के साथ एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में खिलाड़ियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी ने बताया कि खेल महाकुंभ-2026 के तहत न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन 1 से 3 सितंबर तक किया जाएगा। वहीं विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियन ट्रॉफी का आयोजन 16 से 20 सितंबर तक होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए अब तक 9,380 बालक-बालिकाएं पंजीकरण करा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ के दौरान कबड्डी, एथलेटिक्स, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, मुर्गा झपट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पंजीकरण के बाद आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह बना हुआ है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button