Mussoorieउत्तराखंड

एमआईएस इंटरैक्ट क्लब ने लगाया रक्तदान शिविर, 37 यूनिट रक्त एकत्रित

रक्तदान के साथ छात्र नेतृत्व की मिसाल, एमआईएस में इंटरैक्ट क्लब का पदस्थापन समारोह

Date/25/09/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। मसूरी इंटरनेशनल स्कूल (एमआईएस) में सामुदायिक सेवा और छात्र नेतृत्व की मिसाल पेश करते हुए इंटरैक्ट क्लब की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सत्र 2026-27 के लिए इंटरैक्ट क्लब का वार्षिक पदस्थापन समारोह भी आयोजित हुआ। विद्यालय सभागार में आयोजित रक्तदान शिविर का संचालन एवं प्रबंधन शिक्षक पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में इंटरैक्ट क्लब के सदस्यों ने किया। विद्यार्थियों की कार्यकुशलता, समर्पण और सेवा भावना के परिणामस्वरूप शिविर में कुल 37 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को सहयोग मिलेगा।

एमआईएस इंटरैक्ट क्लब पिछले कई वर्षों से विभिन्न समाजोपयोगी एवं सेवा परियोजनाओं का नेतृत्व करता आ रहा है। क्लब की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में आयोजित पदस्थापन समारोह में रोटरी अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, क्लब सचिव नूपुर कर्णवाल कैंतुरा, अध्यक्ष-निर्वाचित योगिता गोयल, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल, रोटेरियन नीरज गर्ग एवं रोटेरियन रजत अग्रवाल सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू बब्बर तथा वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।

समारोह का मुख्य आकर्षण नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज एवं शपथ-पत्र प्रदान करने का कार्यक्रम रहा। नवनियुक्त इंटरैक्ट अध्यक्ष श्रेया घमांडे सहित क्लब के अन्य पदाधिकारियों को अतिथियों एवं प्रधानाचार्या द्वारा आधिकारिक सैश और बैज प्रदान किए गए। इसके साथ ही नई टीम ने क्लब की जिम्मेदारियों को संभालने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्ट अध्यक्ष, एमआईएस, श्रेया घमांडे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button