आपदा प्रभावित मसंदावाला में सुरक्षा कार्यों के लिए 43.06 लाख स्वीकृत – Uttarakhand Prime 24X7

आपदा प्रभावित मसंदावाला में सुरक्षा कार्यों के लिए 43.06 लाख स्वीकृत

Date/30/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत विलासपुर कांडली के मसंदावाला में मानसून के दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त हुए क्षेत्रों में सुरक्षा एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 43.06 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के क्रम में राजस्व एवं वन विभाग की रिपोर्ट तथा आगणन के आधार पर जिलाधिकारी ने गैर राज्य आपदा मोचन निधि से पांच विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इससे प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि गत मानसून सीजन में आपदा के दौरान मसंदावाला क्षेत्र में कई स्थानों पर नुकसान हुआ था। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। उन्होंने जिलाधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए थे।

स्वीकृत धनराशि से क्षेत्र में पांच प्रमुख कार्य कराए जाएंगे। इनमें मसंदावाला में सड़क के दोनों ओर क्रेट वायर सुरक्षा एवं साइड वॉल निर्माण के लिए नौ लाख रुपये, घरों में मलबा और पानी घुसने से रोकने के लिए क्रेट वायर सुरक्षा एवं साइड वॉल निर्माण पर 8.88 लाख रुपये तथा नालों के पुनर्निर्माण के लिए क्रेट वायर चेकडैम निर्माण पर 8.95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा अजय थापा के मकान से विक्रम थापा के मकान के आगे तक क्रेट वायर सुरक्षा एवं साइड वॉल निर्माण के लिए 8.49 लाख रुपये तथा डमर बहादुर के मकान से खड़क बहादुर के मकान के ऊपर की ओर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 7.74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। धनराशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार जताया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, रंजिता उनियाल, सूबेदार वीसी भट्ट, बिक्रम कंडारी, गिरीश उनियाल, नवीन उनियाल, लक्ष्मण खनका, दिनेश जोशी, मोहन सिंह ठाकुर, सुमन सिंह, परशुराम और कुशीराम पेटवाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *