टाउनहॉल में शादी समारोह के दौरान कैटरर्स का सामान चोरी – Uttarakhand Prime 24X7

टाउनहॉल में शादी समारोह के दौरान कैटरर्स का सामान चोरी

Date/30/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के टाउनहॉल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कैटरिंग का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। समारोह में कैटरिंग का कार्य कर रहे गुनसोला एंड फैमिली कैटरर्स का आरोप है कि चोर सात बड़े पतीलों समेत हजारों रुपये की खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कैटरर्स ने निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कैटरर्स के भाई देव गुनसोला के अनुसार, शादी समारोह के दौरान उनका करीब सात बड़े पतीले और कैटरिंग का अन्य जरूरी सामान गायब हो गया। काफी तलाश करने और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी जब सामान का पता नहीं चला तो उन्होंने आसपास लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।

फुटेज में कथित तौर पर कुछ लोग कूड़ा उठाने वाले कट्टों में पतीले और अन्य सामान भरकर पिक्चर पैलेस की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद सारा सामान एक वाहन में रखकर वहां से ले जाया गया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने चार दिन पूर्व पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। देव गुनसोला का कहना है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक न तो किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी हुआ सामान बरामद किया जा सका है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने और सामान बरामद करने की मांग की है। वहीं, शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *