तृणमूल कांग्रेस नेता बाबुल सुप्रियो अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत – Uttarakhand Prime 24X7

तृणमूल कांग्रेस नेता बाबुल सुप्रियो अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत

पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री बाबुल सुप्रियो को सोमवार दोपहर कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, उन्हें सीने में दर्द की शिकायत है। सीनियर अधिकारी ने बताया कि गायक से नेता बने सुप्रियो को एडमिट कराए जाने के बाद उनकी मेडिकल जांच की गई। उन्होंने कहा कि एंजियोग्राफी से पता चला है कि मंत्री को कोरोनरी आर्टरी (धमनी) संबंधी मामूली बीमारी है।

अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘फिलहाल किसी हृदय संबंधी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है और उनका इलाज किया जाएगा।’ वहीं, ऑफिसर ने बताया कि बालीगंज के 52 वर्षीय विधायक सुप्रियो को शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। मालूम हो कि सुप्रियो के पास सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग भी है।

दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को 2024 में भाजपा को हराने की अपनी अपील को दोहराया। उन्होंने कहा कि देश को अराजकता को समाप्त करने के लिए जनता की सरकार लाने का प्रयास करना चाहिए। बंगाल में हिंसा और भ्रष्टाचार पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की हालिया टिप्पणी को लेकर बनर्जी ने विधानसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनके राज्य में देश के अन्य हिस्सों की तुलना में कानून और व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने राज्य के सीमावर्ती इलाकों में आतंक फैलाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सीमावर्ती इलाकों में बेगुनाह लोगों को मारा जा रहा है। केंद्र इन हत्याओं की जांच के लिए जांच दल को भेजने की जहमत नहीं उठाता। वैलेंटाइन डे पर गाय को गले लगाने की केंद्र की अब निरस्त कर दी गई सूचना का उन्होंने उपहास उड़ाया। बनर्जी ने आश्चर्य जाहिर किया कि अगर गाय व्यक्ति को टक्कर मारती है, तो क्या होगा। उन्होंने कहा, ‘अगर गाय हमें टक्कर मारती है, तो क्या होगा? क्या वो (भाजपा) हमें मुआवजा देगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *