सेंट क्लेयर्स के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग – Uttarakhand Prime 24X7

सेंट क्लेयर्स के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

Date/28/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। सेंट क्लेयर्स कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव चर्च ग्राउंड में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमा और प्रबंधक सिस्टर फ्लोरेंस ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद स्वागत गीत और प्रार्थना नृत्य के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ।

वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने सालसा नृत्य, गुजराती नृत्य, देशभक्ति नृत्य और हिंदी नाटक प्रस्तुत किए। विद्यालय की संस्थापक मदर सेराफिना के जीवन पर आधारित नाटक के माध्यम से उनके योगदान को दर्शाया गया। वहीं, ‘यूनिटी ऑफ डाइवर्सिटी’ की प्रस्तुति ने विविधता में एकता का संदेश दिया। नशे की लत के दुष्परिणामों पर आधारित नाटक ने दर्शकों को जागरूक करते हुए सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील बनाया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अच्छा कार्य कर रहा है। अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और यहां के प्रतिष्ठित विद्यालयों से पढ़कर निकले विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमा ने कहा कि विद्यार्थियों का पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ना प्रसन्नता की बात है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बच्चे भी मेहनत और प्रतिभा के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों के साथ अभिभावकों से भी बच्चों को आगे बढ़ाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में मसूरी, अपने गांव और देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, एमपीएस के प्रधानाचार्य विशाल सिंह, सभासद रुचिता गुप्ता, वार्षिकोत्सव समन्वयक आरती पंवार, राजेश्वरी थपलियाल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, मोहन नेगी और रविकांत उनियाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी और अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *