Date/28/10/2026
Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। मॉल रोड क्षेत्र में वाहन पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल करने के मामले में मसूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वाहन सीज कर दिया। मामले में दो लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि वाहन संख्या एचआर 98 ई 9325 का चालक मॉल रोड पर नीली बत्ती लगाकर और हूटर का अनधिकृत प्रयोग करते हुए हुड़दंग कर रहा है। सूचना पर कोतवाली मसूरी की थाना मोबाइल और चीता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल पाया गया।
इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की। मसूरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस का प्रतीक चिह्न अथवा अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।