भाजपा के सेवा संपर्क अभियान के तहत सड़क सुरक्षा कार्यशाला, नशे से दूर रहने की भी अपील – Uttarakhand Prime 24X7

भाजपा के सेवा संपर्क अभियान के तहत सड़क सुरक्षा कार्यशाला, नशे से दूर रहने की भी अपील

Date/14/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संपर्क अभियान-2026 के अंतर्गत भाजपा मसूरी मंडल की ओर से हैम्पटन कोर्ट स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, निर्धारित आयु से पहले वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने के खतरों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। थोड़ी-सी लापरवाही कई बार गंभीर दुर्घटनाओं और असमय मृत्यु का कारण बन जाती है।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और लालबत्ती पार न करने की जानकारी दी गई। साथ ही वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने पर जोर दिया गया। अभियान के अंतर्गत युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने की बात कही गई, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित कर सकें। कार्यशाला में नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। आजखबर इस अवसर पर सभासद विजय बिंदवाल, आशीष जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, रितिक बिजलवान सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *