Date/19/06/2026
Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के क्रम में कोतवाली गुप्तकाशी के अंतर्गत चैकी फाटा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 9.73 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फिन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 18 जून को चैकी फाटा पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.73 ग्राम स्मैक (मॉर्फिन) बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेते हुए उसके विरुद्ध कोतवाली गुप्तकाशी में मु.अ.सं. 23ध्2026 के तहत धारा 8ध्21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मौ. साहिल (23 वर्ष) पुत्र इकबाल निवासी ग्राम राहतपुर खुर्द, पोस्ट साहनपुर, थाना मंडावली, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी तथा इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अन्य तस्कर तो सक्रिय नहीं हैं। मामले की गहन जांच जारी है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सती (चैकी प्रभारी फाटा), मुख्य आरक्षी जयप्रकाश तथा आरक्षी अंकित कुमार शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।