Rudraprayagउत्तराखंड

वैसाखी पर्व पर घोषित होगी मद्महेश्वर व तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि

वैसाखी पर्व पर घोषित होगी मद्महेश्वर व तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि

Date/13/04/2026

Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर एवं तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तथा चल विग्रह उत्सव डोलियों के शीतकालीन गद्दी स्थलों से धाम प्रस्थान का शुभ मुहूर्त आज वैसाखी पर्व के पावन अवसर पर घोषित किया जाएगा।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रत्येक वर्ष वैसाखी के दिन विद्वान आचार्यों एवं तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में पंचांग का गहन अध्ययन कर कपाट उद्घाटन की तिथियां निर्धारित की जाती हैं। इस अवसर पर दोनों शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के प्रभारी अधिकारी डीएस भुजवाण ने जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट खुलने की तिथि एवं चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से धाम के लिए प्रस्थान का शुभ मुहूर्त वैसाखी पर्व पर पंचांग गणना के आधार पर घोषित किया जाएगा। यह घोषणा मंदिर समिति के पदाधिकारियों, विद्वान आचार्यों एवं हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में की जाएगी। उन्होंने बताया कि तिथि घोषणा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

वहीं, तुंगनाथ धाम के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि एवं चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से धाम के लिए प्रस्थान का मुहूर्त भी वैसाखी पर्व पर ही पंचांग गणना के अनुसार घोषित किया जाएगा। इस दौरान विद्वान आचार्यों एवं हक-हकूकधारियों की मौजूदगी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button