Rudraprayagउत्तराखंड

सौरागढ़-भटगांव मोटरमार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

बरसात से पहले हादसों का बढ़ा खतरा

Date/21/05/2026

Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7 

रूद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सौरागढ़-चोपड़ा-भटगांव मोटरमार्ग की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह उखड़ा डामर, बड़े-बड़े पत्थर, गहरे गड्ढे और खतरनाक मोड़ आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुके हैं। क्षेत्रीय जनता ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मोटरमार्ग पर सफर करना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। कई स्थानों पर सड़क इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि छोटे वाहनों के साथ-साथ बड़े वाहनों का संचालन भी मुश्किल हो गया है। खासतौर पर बरसात का मौसम नजदीक होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है, लेकिन विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के शुरुआती हिस्सों में कई “डेंजर जोन” बन चुके हैं, जहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सड़क किनारे सुरक्षा दीवारें, नालियां और पैराफिट निर्माण अधूरे पड़े हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं, पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद एप्रोच रोड अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो बरसात के दौरान हालात और भयावह हो सकते हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क का डामरीकरण, नाली निर्माण, पैराफिट और सुरक्षा दीवारों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button