सातवीं सुनील रावत स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता पर नवचेतन का कब्जा – Uttarakhand Prime 24X7

सातवीं सुनील रावत स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता पर नवचेतन का कब्जा

Date/26/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। सातवीं सुनील रावत स्मृति सेवन-ए-साइड डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब नवचेतन ने अपने नाम किया। हैप्पी वैली स्पोर्ट्स समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में नवचेतन ने यमकेश्वर को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें नवचेतन ने बाजी मार ली।

इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में नवचेतन ने एमयूएफसी को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में यमकेश्वर ने स्पार्टन एफसी दिल्ली को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। प्रतियोगिता अंडर-16, 40 प्लस और ओपन वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखंड सहित चंडीगढ़ और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों की लगभग 71 टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता नवचेतन को 81 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता यमकेश्वर को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।

नवचेतन के मनवीर बर्त्वाल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, राहुल रांगड़ को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और देवांशु देबू को गोल्डन बूट का पुरस्कार मिला। यमकेश्वर के नितिन बुटोला को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया। मुख्य अतिथि जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता का संचालन अनिल सिंह अन्नू, परविंद रावत और अमित पंवार ने किया। निर्णायक की भूमिका मनीष, अभिषेक और अनीष क्षेत्री ने निभाई। इस अवसर पर समिति के सदस्यों सहित अनेक खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *