Date/26/10/2026
Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। उत्तराखंड भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के राज्य संयोजक वरुण राज सिंह भंडारी ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को दसवीं कक्षा के बाद ही उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर की दिशा चुनने में मदद मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली युवा अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में दसवीं और बारहवीं के बाद विद्यार्थियों को उचित परामर्श देना जरूरी है, ताकि वे अपनी रुचि के क्षेत्र में शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
भंडारी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनानी होंगी। शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और डेटा केंद्र जैसे क्षेत्रों में विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य काम को आसान और समय की बचत करने वाला बनाने के साथ समस्याओं का प्रभावी समाधान देना भी होना चाहिए। उन्होंने स्मार्ट सिटी की अवधारणा के साथ स्मार्ट शिक्षा को भी प्राथमिकता देने की जरूरत बताई। उनके अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में युवाओं को नई तकनीकों से परिचित कराना और उनका रचनात्मक उपयोग सिखाना जरूरी है।
भंडारी ने कहा कि केवल नारों और अभियानों से बदलाव नहीं आएगा। व्यवस्था का हिस्सा बनकर उसकी कमियों को दूर करने और सुशासन को मजबूत करने के प्रयास करने होंगे। युवाओं को सही दिशा, कौशल और अवसर उपलब्ध कराकर ही देश की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।