शिक्षकों को लेकर जा रहा वाहन खाई में गिरा, 12 घायल, एक की हालत गंभीर – Uttarakhand Prime 24X7

शिक्षकों को लेकर जा रहा वाहन खाई में गिरा, 12 घायल, एक की हालत गंभीर

दिनांक/23/09/2024

Tehri/Uttarakhandprime 24×7 

टिहरी। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। टिहरी में शिक्षकों को लेकर जा रहा एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 12 शिक्षक सवार थे। वाहन चिन्यालीसौड़ से गढ़वाल गाड़ जा रहा था, जोकि नागथली छोटी मणि के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में सभी शिक्षकों के घायल होने की सूचना है, जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

बता दें कि सोमवार सुबह तहसील चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत बड़ी मणि जोगत मोटर मार्ग पर वाहन गिरने की सूचना राजस्व विभाग और थाना चिन्यालीसौड़ पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और थाना चिन्यालीसौड़ पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वहीं घटना की सूचना पर 108 वाहन और एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची। जहां टीम ने देखा कि एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा है।

मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को रेस्क्यू कर हॉस्पिटल के लिए भेजा। वहीं एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ग्राम छोटी मणी नैल के पास चालक देवेंद्र सिंह चैहान स्कूल टीचरों को लेकर जा रहा था। तभी अचानक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

बता दें कि टिहरी में बीते दिनों भद्रकाली से टिहरी रोड की ओर यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में कुछ लोग घायल हो गए थे। बस ऋषिकेश के टिहरी जिले के चंबा की ओर जा रही थी, तभी भद्रकाली से करीब चार किलोमीटर आगे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *