
Date/06/04/2026
Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने यू.पी.ई.एस. विश्वविद्यालय, देहरादून में ‘बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा जारी ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन रिपोर्ट का भी अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय और बजाज ऑटो लिमिटेड की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं को उद्योग के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर एक व्यावहारिक, उद्योग-संरेखित केंद्र है, जिसका उद्देश्य डिप्लोमा और बी.टेक छात्रों को तेजी से बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप कौशल प्रदान करना है। मेकाट्रॉनिक्स, टिक्स और ऑटोमेशन, मोशन कंट्रोल और सेंसर टेक्नोलॉजी, तथा इंडस्ट्री 5.0 और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित यह केंद्र छात्रों की रोजगार क्षमता को बढ़ाएगा, कक्षा और वास्तविक दुनिया के बीच की दूरी को कम करेगा, और उन्हें भविष्य के लिए तैयार पेशेवर बनाएगा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह केंद्र छात्रों को मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन और आधुनिक इंजीनियरिंग कौशलों में दक्ष बनाएगा, जिससे वे डिग्री प्राप्त करने से पहले ही इंडस्ट्री रेडी बन सकेंगे। उन्होंने इसे उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल यू.पी.ई.एस. के छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों और आईटीआई के विद्यार्थियों के लिए भी एक अवसर के रूप में है जिससे अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सकेगा।




