Dehradunउत्तराखंड

पं. गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा के दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंः डीएम

स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण में पंत जी का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा

Date/10/09/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देश के पूर्व गृहमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य, समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया गया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान ने कहा कि बहुआयामी प्रतिभा के धनी भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत प्रखर चिंतक, दूरदर्शी एवं कुशल राजनेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा स्वतंत्रता के पश्चात एक आदर्श जनप्रतिनिधि एवं राजनेता के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके विचार, आदर्श और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक पं. पंत के आदर्शों एवं पदचिह्नों से प्रेरणा लेते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करे। राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही पं. गोविंद बल्लभ पंत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button