Dehradunउत्तराखंड

यूकेएसएसएससी में धस्माना का ताला ठोक प्रदर्शन

यूकेएसएसएससी में धस्माना का ताला ठोक प्रदर्शन

Date/30/07/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। माध्यमिक सहायक अध्यापक भर्ती में धांधली और उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के आरोप में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अभ्यर्थियों के साथ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के रायपुर थानो रोड स्थित कार्यालय पर ताला ठोक प्रदर्शन किया। श्री धस्माना दोपहर साढ़े बारह बजे साथियों सहित आयोग कार्यालय पहुंचे। यहां पहले से आंदोलनरत माध्यमिक सहायक अध्यापक भर्ती अभ्यर्थियों ने जोरदार नारेबाजी की।

श्री धस्माना ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में यूकेएसएसएससी एक कुख्यात भर्ती एजेंसी बन चुकी है। हर भर्ती और हर परीक्षा बिना विवाद और घोटालों के संपन्न नहीं होती। पेपर लीक से लेकर नकल और परिणामों में धांधली के आरोपों से यूकेएसएसएससी प्रदेश ही नहीं पूरे देश में बदनाम हो चुकी है। उन्होंने कहा कि माध्यमिक सहायक अध्यापक के 1544 पदों की भर्ती में आंसर की में विसंगतियां मिलीं। माननीय उच्च न्यायालय ने 3 जून 2026 को स्पष्ट आदेश देते हुए 9 फरवरी 2025 की कट ऑफ के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती करने को कहा था, लेकिन आयोग ने अभी तक उस पर अमल नहीं किया।

बाद में प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से आयोग सचिव एन एस डुंगरियाल ने वार्ता की। श्री धस्माना ने सचिव को स्पष्ट कहा कि यूकेएसएसएससी पर अब किसी को भरोसा नहीं रहा। जानबूझकर आयोग न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहा है और अभ्यर्थियों को आपस में लड़वाने की साजिश कर रहा है। श्री धस्माना ने चेतावनी दी कि आज प्रतीकात्मक तालाबंदी की गई है। अगर आयोग का अड़ियल रवैया जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी सीधे आंदोलन में कूदेगी। उन्होंने मांग की कि माननीय उच्च न्यायालय का अंतिम निर्णय आने तक बचे हुए पदों का प्रपत्र सत्यापन क्ट स्थगित किया जाए और 9 फरवरी 2025 की कट ऑफ जारी की जाए। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, सूरत सिंह नेगी, आनंद सिंह पुंडीर, यूकेडी के देवचंद उत्तराखंडी, अभ्यर्थी गोपीचंद, गजेन्द्र सजवान, तुषार बिष्ट, संदीप, दीपका रमोला, उषा रमोला, मनोरमा, माया, रश्मि, मीनाक्षी, सुनील कुमार, नवीन कुमार, विकास सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button