बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर ही देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकताः आर्या – Uttarakhand Prime 24X7

बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर ही देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकताः आर्या

Date/12/04/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देहरादून में “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार सचिव वैभव वालिया ने किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छात्र संगठन एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार उपस्थित रहे। अपने तीखे और प्रभावशाली संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने दिया संविधान देश की आत्मा है, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग उसी संविधान की मूल भावना पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ताधारियों द्वारा नारा तो देश का दिया जा रहा है, लेकिन खजाना दोस्तों का भरा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नफरत, असमानता और अन्याय को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो बाबा साहेब के सपनों के भारत के बिल्कुल विपरीत है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि देश का युवा चुप न बैठे, बल्कि बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलते हुए अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का मंत्र आज पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है।

इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही है, जबकि सरकारें केवल ध्यान भटकाने की राजनीति में लगी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि आज देश में सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर ही देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का संविधान हर नागरिक को अधिकार देता है, लेकिन आज उन अधिकारों को सीमित करने की साजिश हो रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और कांग्रेस पार्टी इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *