Date/14/10/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। फिक्की फ्लो उत्तराखण्ड ने दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने वार्षिक प्रमुख आयोजन ‘फ्लो बाजार 2026 द वेडिंग एडिट’ की घोषणा की। दो दिवसीय यह प्रदर्शनी 16 और 17 अक्टूबर को देहरादून में माल्सी स्थित द सॉलिटेयर फार्म्स में आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का समय सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा। इसमें फैशन, ज्वेलरी, ब्यूटी, लाइफस्टाइल, गिफ्टिंग, वेडिंग सर्विसेज और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों से जुड़े स्टॉल एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। आगामी आयोजन की जानकारी साझा करते हुए फिक्की फ्लो उत्तराखण्ड की चेयरपर्सन तृप्ति बेहल ने कहा, “फ्लो बाजार हमारे चैप्टर की प्रमुख पहलों में से एक है, जो उद्यमियों, डिजाइनरों, शिल्पकारों और व्यवसायों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने तथा व्यापक दर्शकों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। इस वर्ष ‘द वेडिंग एडिट’ थीम के अंतर्गत हम शादी से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक मंच पर ला रहे हैं। इसमें फैशन और ज्वेलरी से लेकर गिफ्टिंग, डेकोर, ब्यूटी और अनूठे अनुभवों तक कई विकल्प शामिल होंगे। हमें उम्मीद है कि देहरादून के लोग खरीदारी, उत्सव और नए अनुभवों से भरपूर इन दो दिनों का आनंद लेंगे। प्रदर्शनी में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क है।” इस आयोजन का उद्घाटन उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चैधरी मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। इसके अतिरिक्त, दो दिवसीय बाजार में भाजपा उत्तराखण्ड की प्रदेश सचिव नेहा जोशी, पर्यटन विभाग उत्तराखण्ड की अपर निदेशक पूनम चंद, रीवा की राजकुमारी मोहेना कुमारी सिंह, और फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय पूर्व अध्यक्ष डॉ. कुसुम अंसल सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीनाक्षी सोती ने बताया कि ‘द वेडिंग एडिट’ थीम पर आधारित इस वर्ष के फ्लो बाजार में नौ प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इनमें फैशन एवं अपैरल, ज्वेलरी, ब्यूटी एवं वेलनेस, होम डेकोर एवं लिविंग, गिफ्ट्स एवं फेवर्स, आर्ट्स, क्राफ्ट्स एवं हैंडक्राफ्टेड, फूड एवं गॉरमे, वेडिंग सर्विसेज एवं एक्सपीरियंसेज तथा वेडिंग वेन्यू एवं हॉस्पिटैलिटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में स्थापित ब्रांड्स, उभरते डिजाइनरों, हस्तनिर्मित उत्पादों के निर्माताओं और विशिष्ट व्यवसायों को एक साथ लाया जाएगा, जिससे आगंतुकों को शादी, त्योहारों और जीवनशैली से जुड़ी खरीदारी के लिए एक विशेष अनुभव मिलेगा। आयोजन की अन्य विशेषताओं की जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष स्मृति बत्ता ने कहा, “बाजार के पहले दिन ‘नवरंग’ का आयोजन किया जाएगा, जो मां दुर्गा के नौ रंगों और नारी शक्ति के विभिन्न स्वरूपों को समर्पित है। यह पहल नारी की शक्ति, साहस, सौम्यता और विशिष्टता के नौ अलग-अलग गुणों का उत्सव मनाएगी। इसके अंतर्गत विशेष उपाधियों के माध्यम से इन गुणों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, दूसरे दिन शाम को ‘ब्राइड्स ऑफ इंडिया दृ द सिग्नेचर वेडिंग फैशन वॉक’ मुख्य आकर्षण होगा। इस फैशन शो के माध्यम से भारत की विविध वैवाहिक परंपराओं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।” दोनों दिन आगंतुकों के लिए कई इंटरैक्टिव गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें फेस पेंटिंग, पोटली पर्सनलाइजेशन स्टेशन, परफ्यूम मेकिंग और फेस्टिव ब्लॉक प्रिंटिंग शामिल हैं।