Almoraउत्तराखंड

दिनदहाड़े गुलदार ने किया महिला पर हमला, इलाके में दहशत

दिनदहाड़े गुलदार ने किया महिला पर हमला, इलाके में दहशत

Date/06/09/2026

Almora/Uttarakhand prime 24×7 

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर के दुगालखोला रिहायशी क्षेत्र में दिनदहाड़े आंगन में काम कर रही महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला। गुलदार के हमले में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।

वहीं भागते हुए गुलदार का वीडियो क्षेत्र के एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गनीमत यह रही कि भागते समय गुलदार के रास्ते में कोई और नहीं आया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। दिन के उजाले में आबादी के बीच गुलदार की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी वन विभाग के अधिकारियों को दी।

हवालबाग रेंज के रेंजर मोहन राम आर्या ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों द्वारा पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उसे पकड़ने के लिए संवेदनशील स्थान पर पिंजरा भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम लगातार गुलदार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। गुलदार के हमले में घायल महिला की पहचान बबीता वर्मा के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब तीन सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र में एक घर के आंगन में तीन गुलदारों के बेखौफ घूमने का वीडियो सामने आया था। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button