डीएम ने जनपद के सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना कार्यों के बावत समीक्षा की – Uttarakhand Prime 24X7

डीएम ने जनपद के सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना कार्यों के बावत समीक्षा की

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी रीना जोशी ने बीएसएनल एवं जिओ कम्पनी के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित कर जनपद के सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना कार्यों के बावत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सीमान्त क्षेत्र के दुर्गम स्थानों पर टावर स्थापना कार्यों में आ रही दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली गयी। वहीं टावर स्थापना कार्यों के बाबत आवश्यक दिशा निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये गये।जिलाधिकारी ने जिओ कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद के सीमांत क्षेत्र बूंदी, बिलजु व मिलम में टावर स्थापना के दृष्टिगत आगामी 10 दिन के भीतर राजस्व टीम के साथ संयुक्त सर्वे कर लिया जाय। बता दें कि संयुक्त टीम द्वारा संयुक्त सर्वे कर यह देखा जाएगा कि टावर की स्थापना किस स्थान पर की जाय ताकि क्षेत्र में सबको नेटवर्क मिल सके। चूंकि बिलजु और मिलम में अभी सड़क नहीं पहुंची है इसलिए हेलीकॉप्टर से सामान पहुंचाने हेतु प्लानिंग भी की जायेगी। जिलाधिकारी द्वारा जिओ कंपनी के अधिकारियों से गूंजी, रांगकांग एवं कुटी में टावर स्थापना कार्यों की जानकारी ली गयी। जिस पर जिओ कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि गूंजी में मोबाईल टावर स्थापना कार्य शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने जिओ कंपनी के अधिकारियों को रांगकांग एवं कुटी में भी टावर स्थापना कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये। वहीं कहा कि यदि टावर स्थापना कार्यों में किसी प्रकार की समस्या आ रही हो तो संबंधित उप जिलाधिकारी को अवगत कराया जाय। तहसील एवं जिला प्रशासन द्वारा टावर स्थापना कार्यों में सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में डिप्टी डायरेक्टर जनरल बीएसएनल ग्रामीण उत्तराखंड अशोक कुमार रावत, जीएम बीएसएनल अल्मोड़ा तथा पिथौरागढ़ मुकेश निखुरिया एवं जिओ कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *