Rudraprayagउत्तराखंड

डीएम के निरीक्षण का असरः तिलवाड़ा बाजार में मलबा हटाने का कार्य तेज

डीएम के निरीक्षण का असरः तिलवाड़ा बाजार में मलबा हटाने का कार्य तेज

Date/25/02/2026

Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के तिलवाड़ा बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण का धरातल पर व्यापक असर देखने को मिला। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में कार्यदायी संस्था ने जेसीबी मशीनों के जरिए सड़क पर पड़े मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

बीते दिन निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि से हटाए गए अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सख्त लहजे में हिदायत दी थी कि सड़क किनारे पड़े मलबे को तत्काल हटाया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सड़क पर किसी भी प्रकार का अवरोध या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

तिलवाड़ा बाजार में अक्सर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन सड़क चौड़ीकरण और मलबा निस्तारण पर विशेष ध्यान दे रहा है। मंगलवार सुबह से ही क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की गड़गड़ाहट सुनाई दी और मलबे को हटाकर यातायात के लिए रास्ता साफ किया गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग पर आवागमन में कोई असुविधा न हो। जिला प्रशासन की ओर से केदारनाथ यात्रा को लेकर तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि मुख्य मार्ग पूरी तरह से सुचारू रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button