गुरु-स्मृतियों में भावुक हुए दण्डी स्वामी, समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन – Uttarakhand Prime 24X7

गुरु-स्मृतियों में भावुक हुए दण्डी स्वामी, समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

Date/01/10/2026

Rishikesh/ Uttarakhand prime 24×7 

ऋषिकेश। परम पूज्य दण्डी स्वामी अनन्त श्री विभूषित श्री परानंद तीर्थ जी महाराज दिल्ली धर्मसंघ महाविद्यालय में चातुर्मास व्रत पूर्ण करने के पश्चात श्री बद्रीनाथ धाम की ओर प्रस्थान करते हुए ऋषिकेश स्थित शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वामी श्री माधवाश्रम जी महाराज की पावन समाधि के दर्शन किए और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

स्वामी परानंद तीर्थ जी महाराज का ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम जी महाराज के साथ अत्यंत आत्मीय एवं निकट संबंध रहा है। पूज्य स्वामी जी ने लंबे समय तक दिल्ली स्थित धर्मसंघ की कोठी में शंकराचार्य श्री माधवाश्रम जी महाराज के सान्निध्य में निवास किया था। ऐसे में समाधि स्थल पर उनका आगमन गुरु-स्मृतियों और आत्मीय संबंधों की भावपूर्ण अनुभूति से जुड़ा रहा।

समाधि स्थल पर पहुंचकर स्वामी परानंद तीर्थ जी महाराज ने ब्रह्मलीन शंकराचार्य जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया। इस दौरान वातावरण आध्यात्मिक एवं भावुक रहा। पूज्य स्वामी परानंद तीर्थ जी महाराज 1 अक्टूबर से श्री बद्रीनाथ धाम में श्रीमद्भागवत कथा का पावन आयोजन करेंगे। बद्रीनाथ धाम की यात्रा से पूर्व ऋषिकेश में ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम जी महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए विशेष आध्यात्मिक एवं भावनात्मक क्षण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *