Mussoorieउत्तराखंड

एसआईआर पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

एसआईआर पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Date/30/09/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह चैक पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करते हुए मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह चैक पर एकत्र हुए। पछवादून कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पूर्व में वोट चोरी को लेकर जो सवाल उठाए थे, मीडिया रिपोर्टों से वे सही साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा नहीं होता और मामले में कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।

पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि कई राज्यों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने इसे नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए मामले की जांच की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान लगाए गए वोट चोरी और चुनाव आयुक्त पर राजनीतिक पक्षधरता के आरोप कांग्रेस नेताओं के दावे हैं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, उपेंद्र थापली, नागेंद्र उनियाल, सुशांत वोहरा, राजेश मल्ल, नरेश मल्ल, पूर्व सभासद दर्शन रावत, प्रताप पंवार, मेघ सिंह कंडारी, विजय लक्ष्मी कोहली, राजीव अग्रवाल, माधुरी टम्टा, महिमानंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button