Mussoorieउत्तराखंड

आंगन मिलन कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

बांसागाड़ में महिलाओं को पोषण और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Date/01/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। ग्राम सभा क्यारकुली भट्टा के बांसागाड़ आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई और उन्हें पोषण किट वितरित की गई। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण और खान-पान के महत्व की जानकारी भी दी गई।

आंगनवाड़ी कार्यकत्री मीना आर्य ने बताया कि देशभर में 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बांसागाड़ में कार्यक्रम आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। उन्होंने महिलाओं को बताया कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित और पौष्टिक आहार लेने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया। बताया गया कि पात्र छात्राओं को इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, प्रसव के बाद मिलने वाली सहायता और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं को दिया जाता है।

आंगनवाड़ी कार्यकत्री ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही अपने स्वास्थ्य और खान-पान का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मीना कोटाल की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकत्री मीना आर्य सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, तारा, बलिराम सहित भट्टा और क्यारकुली क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button