सत्ता में आए तो कॉलेज जाने वाली हर लड़की को फ्री में देंगे स्कूटी, त्रिपुरा की जनता से अमित शाह का वादा – Uttarakhand Prime 24X7

सत्ता में आए तो कॉलेज जाने वाली हर लड़की को फ्री में देंगे स्कूटी, त्रिपुरा की जनता से अमित शाह का वादा

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के सीनियर लीडर अमित शाह ने सिपाहीजाला जिले में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि त्रिपुरा में सत्ता में आने पर बीजेपी कॉलेज जाने वाली हर लड़की को मुफ्त में स्कूटी देगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि चुनाव से पहले ही कम्युनिस्टों ने हार मान ली है क्योंकि उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम डॉ माणिक साहा त्रिपुरा में विकास लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। जबकि कम्युनिस्ट, कांग्रेस और टिपरा मोथा राज्य में ‘जंगल राज’ वापस लाना चाहते हैं।’

सिपाहीजाला जिले के विश्रामगंज में रैली में गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की ‘तिहरी मुसीबत’ को वोट देने से त्रिपुरा में जंगल राज की वापसी का रास्ता खुलेगा। शाह ने कहा, ‘त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है।’ कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में वामपंथियों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है, जबकि देश में कांग्रेस का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *