यूजेवीएन के जल विद्युत गृहों की स्थापना के बाद का एक दिन का रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन – Uttarakhand Prime 24X7

यूजेवीएन के जल विद्युत गृहों की स्थापना के बाद का एक दिन का रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा अपनी उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और कुशल नेतृत्व का परिचय देते हुए एक बार फिर से रिकार्ड विद्युत उत्पादन करने में सफलता प्राप्त की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजेवीएन के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल ने बताया कि यूजेवीएन लिमिटेड की जल विद्युत परियोजनाओं द्वारा 28 जुलाई को 25.912 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया जो कि निगम की स्थापना के बाद से अब तक का किसी भी एक दिन का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन है।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व निगम की परियोजनाओं द्वारा किसी भी एक दिन का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन 25.434 मिलियन यूनिट था जो कि दिनांक 19 सितंबर 2022 को किया गया था। संदीप सिंघल ने कहा अतिवृष्टि एवं बाढ़ आदि से उत्पन्न विषम परिस्थितियों में भी परियोजनाओं द्वारा रिकार्ड उत्पादन निगम कार्मिकों के दृढ़संकल्प को प्रदर्शित करता है।

प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल ने निगम के विद्युत गृहों की उपलब्धि पर हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि विद्युत गृहों की मशीनों के बेहतर संचालन, रखरखाव एवं कार्मिकों के उत्कृष्ट कार्य से ही यह रिकार्ड उत्पादन संभव हुआ है। संदीप सिंघल ने आशा व्यक्त की कि अपनी बेहतरीन कार्यसंस्कृति तथा कार्मिकों की दृढ़ इच्छाशक्ति एवं लगन से निगम भविष्य में भी इसी प्रकार विद्युत उत्पादन के कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *