सेवा संकल्प अभियान का समापन, विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित – Uttarakhand Prime 24X7

सेवा संकल्प अभियान का समापन, विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित

Date/16/10/2026

Kotdwar/Uttarakhand prime 24×7 

कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गुरुवार को कोटद्वार स्थित डॉ. पी. द. ब. ही. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनके विचारों, अनुभवों और भविष्य की आकांक्षाओं को जाना। महाविद्यालय में अभियान के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें निबंध, पोस्टर, भाषण, संगोष्ठी प्रस्तुतीकरण और रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सकारात्मक सोच, नवाचार और समाज के प्रति प्रतिबद्धता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम योगदान देगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.के. शर्मा, कार्यक्रम संयोजक प्रो. अरविंद अग्रवाल, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. नितेश सिंह, डॉ. बी.पी. मुख्य शास्ता और वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. निरंजन शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *