
Date/10/08/2026
Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। कांग्रेस के पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने प्रदेश के मंत्री व मसूरी विधायक गणेश जोशी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये व कहा कि उन्हें आगामी तीन सितंबर को आय से अधिक संपत्ति होने पर कोर्ट ने तलब किया है ऐसे में उन्हें पहले इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि जांच प्रभावित न हो अगर वह पाक साफ निकल जाते हैं तो पुनः मंत्रीपद लें। पत्रकार वार्ता में पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने कहा कि गणेश जोशी ने अपने कार्यकाल में विधानसभा का विकास नहीं किया बल्कि स्वंय का विकास किया जिसके कारण आय से अधिक संपत्ति का मामला चल रहा है।
मसूरी में कई योजनाएं आयी लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया गया व उनको तय समय सीमा में समाप्त न कर लगातार आगे बढाया जा रहा है व भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मसूरी की पेयजल योजना आज तक पूरी नहीं हुई व 144 करोड की योजना 150 करोड तक पहुच गयी यही हाल सीवर योजना व गलोगी धार का है लगातार इसका बजट बढाया जा रहा है व काम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। ऐसे में मंत्री से पहले सरकार के अधिकारियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। क्षेत्र की हर योजना में मंत्री का हाथ है व अधिकारी उनके निर्देश पर कार्य कर रहे है, जबकि अधिकारियों को किसी के दबाव में कार्य नहीं करना चाहिए। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति में गणेश जोशी लिप्त है, जिन पर आरटीआई के माध्यम से तथ्यों को कोर्ट में दिया गया। मंत्री गणेश जोशी को मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है, पूर्व में भी उन्होंने जांच को प्रभावित किया व जज का स्थानांतरण कर दिया गया। अगर वह पाक साफ हैं तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए व कोर्ट के निर्णय के बाद आगे की रणनीति बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल न हो इसके लिए कार्य किया और अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के हलद्वानी के कार्यक्रम को असफल करने का कार्य किया गया। लेकिन इस बार भाजपा के अंहकार को जनता समझ गयी व आगामी चुनाव में उन्हें करारा सबक सिखायेगी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गोविंद पुंडीर, महिमानंद, पूर्व सभासद दर्शन रावत, मेघ सिंह कंडारी, महेश चंद आदि मौजूद रहे।




