पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल – Uttarakhand Prime 24X7

पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Date/22/05/2026

Rudraprayag Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। शुक्रवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से उसकी चपेट में आकर एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक ऊपर से गिरे पत्थरों ने कई दुकानों और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मृतक स्थानीय युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर लगी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और संभावित खतरे को देखते हुए इलाके को अस्थायी रूप से खाली कराया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि लगातार बदलते मौसम, पहाड़ियों के दरकने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *