Rudraprayagउत्तराखंड

फायर स्टेशन परिसर में शहीद अग्निशमन कर्मियों को किया गया याद

फायर स्टेशन परिसर में शहीद अग्निशमन कर्मियों को किया गया याद

Date/14/04/2026

Rudraprayag/ Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। जनपद में मंगलवार से “अग्नि सेवा सप्ताह-2026” का विधिवत शुभारम्भ हो गया है। यह अभियान 20 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुक समाज आग की रोकथाम के लिए एक साथ” निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग परिसर में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान वर्ष 1944 के मुंबई डॉक विस्फोट में कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा अग्नि सुरक्षा की शपथ ली।

इसके उपरांत अग्नि सुरक्षा के प्रचार-प्रसार को लेकर जन-जागरुकता रथों को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न कस्बों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। वहीं, सप्ताह के पहले दिन प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणनाथ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में फायर स्टेशन टीम द्वारा रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार, अगस्तमुनि सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर जागरुकता रैली निकाली गई। बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से आमजन को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अग्नि सेवा सप्ताह के तहत 15-16 अप्रैल को औद्योगिक संस्थानों एवं अस्पतालों में फायर ड्रिल और आपातकालीन निकासी योजनाओं की समीक्षा, 17 अप्रैल को शिक्षण संस्थानों में निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं, 18-19 अप्रैल को बहुमंजिली इमारतों, सरकारी कार्यालयों एवं दूरस्थ गांवों में प्रशिक्षण सत्र तथा 20 अप्रैल को समापन समारोह के साथ मैराथन, योगा ड्रिल एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

पहाड़ी क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए इस वर्ष वन विभाग एवं वन पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर वनाग्नि रोकथाम पर विशेष कार्ययोजना भी तैयार की गई है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने जनपदवासियों, व्यापारियों एवं संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना जन-धन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी फायर स्टेशन को सूचित करने का आग्रह किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button