मनसा देवी की पहाड़ी और हिल बाईपास मार्ग मानसून से पहले होगा दुरुस्त – Uttarakhand Prime 24X7

मनसा देवी की पहाड़ी और हिल बाईपास मार्ग मानसून से पहले होगा दुरुस्त

Date/12/03/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर की पहाड़ी और हिल बाईपास पर किए जा रहे मरम्मत के कामों का डीएम मयूर दीक्षित ने जायजा लिया। यहां पीडब्ल्यूडी की ओर से मरम्मत का काम किया जा रहा है, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लैंडस्लाइड जोन को लेकर बनाई जा रही डीपीआर को लेकर भी चर्चा की। डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापूर्ण काम करने के निर्देश दिए। वहीं मनसा देवी प्रवेश द्वार पर दोपहिया वाहनों को खड़ा करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

दरअसल मनसा देवी मंदिर के आसपास का क्षेत्र लैंडस्लाइड जोन है। बारिश के सीजन में यहां अक्सर बड़े भूस्खलन का खतरा बना रहता है। आगामी मानसून सीजन से पहले हिल बाईपास और मनसा देवी मंदिर की पहाड़ियों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। पिछली बरसात में मनसा देवी मंदिर की पहाड़ी और हिल बाईपास पर भयंकर भूस्खलन हुआ था। कई जगहों से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। आगे भीमगोडा के पास तो रेलवे ट्रैक पर कई बार पहाड़ी का मलबा आ गया था। कई बार रेलवे ट्रैक बाधित भी हुआ। इसके बाद शासन स्तर से मरम्मत की बड़ी कार्ययोजना बनाई गई थी। कार्य शुरू हुए कई महीने बीत गए हैं।

इसी क्रम ने डीएम ने निरीक्षण किया और इस दौरान डीएम ने पीडब्ल्यूडी विभाग एवं सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि उनके द्वारा जो भी निर्माण कार्य किया जा रहा है, उन कार्यों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से स्लाइडिंग जोन का जायजा लिया और वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस के पौधे और घास लगाने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने और मार्ग पर पड़े मलबे को हटाने के भी निर्देश दिए।इसके अलावा डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। डीएम मयूर दीक्षित ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही मनसा देवी प्रवेश द्वार पर दोपहिया वाहनों को खड़ा करने पर रोक लगाई जाए। जिससे कि मनसा देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न होने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *