
Date/19/02/2026
Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित करने हेतु देहरादून जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में यात्रा से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति हमारी सेवा भावना का अवसर है। ताकि उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में धनाभाव के कारण किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो वह तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ऋषिकेश एवं विकासनगर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग, यात्रियों की ठहरने की क्षमता, पंजीकरण व्यवस्था, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। सड़कों पर डायवर्जन स्थलों एवं कियोस्क प्वाइंट्स पर सुगम यातायात संचालन तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा एवं ट्रांजिट कैंपों में श्रद्धालुओं के भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हेतु नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी एवं वालंटियर तैनात करने को कहा, जिससे यात्रियों को सुरक्षा एवं मार्गदर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पंजीकरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ऋषिकेश में 30 तथा विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने इन काउंटरों पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ, सुदृढ़ नेटवर्क व्यवस्था एवं 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित सुविधा उपलब्ध हो सके। डीएम ने कहा कि ऑफलाइन पंजीकरण हेतु भी पुख्ता प्रबंध किए जाए। काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड निर्माण एवं यात्रियों को बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।



