Dehradunउत्तराखंड

बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव

बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव

Date/14/02/2026

Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। राज्य की ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय का घेराव कर सरकार को चेतावनी दी कि यदि राज्य की कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं आई तथा लगातार हो रही हत्याओं पर लगाम नहीं लगा तो कांग्रेस पार्टी उग्र आन्दोलन को मजबूर होगी। पुलिस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत ने भी प्रतिभाग किया। ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते राज्यभर में लगातार हो रही निर्मम हत्याओं के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालते हुए पुलिस मुख्यालय का घेराव करते हुए पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए उत्तराखंड में दिन-दहाड़े हो रहे हत्याकांडों एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस मुख्यालय घेराव के उपरान्त पुलिस महानिदेशक को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने कहा कि विगत कुछ समय से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जनपदों में दिन-दहाड़े घटित हो रही हत्या एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय, असुरक्षा एवं चिंता का वातावरण व्याप्त है। उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय एवं देवभूमि कहे जाने वाले राज्य की राजधानी एवं अन्य महानगरों में हाल के दिनों में दिन-दहाड़े घटित हुई हत्याकांड की घटनाओं ने समूचे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं से आम नागरिकों में भय, असुरक्षा एवं आक्रोश का वातावरण व्याप्त है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं तथा कानून का भय नगण्य होता प्रतीत हो रहा है। इस प्रकार की घटनाएँ न केवल राज्य की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं, अपितु राज्य की सामाजिक शांति एवं नागरिकों के विश्वास को भी प्रभावित कर रही हैं।

कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य की कानून-व्यवस्था की यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक एवं अस्वीकार्य है। राज्य की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा चुकी है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। इसका ताजा उदाहरण विगत 15 दिन के अन्दर राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जिलों में दिन दहाड़े 5 जघन्य हत्याकांड की घटनायें हैं। पुलिस की नाक के नीचे हुई इन हत्याकांड की घटनाओं में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है जो कि गम्भीर चिन्ता का विषय है। यदि राज्य की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए समय रहते कठोर एवं ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इससे सामाजिक अस्थिरता एवं जनविश्वास में गंभीर गिरावट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से राज्यभर में घटित हत्याकांड की घटनाओं पर ठोस परिणामों की अपेक्षा करते हुए मांग करते हुए कहा किः- प्रदेश के सभी संवेदनशील एवं अपराध-प्रवण क्षेत्रों में विशेष पुलिस अभियान चलाया जाए। संगठित अपराध एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम दमनात्मक कार्यवाही की जाए। प्रत्येक गंभीर आपराधिक घटना की समयबद्ध एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय कर लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने हेतु दृश्यमान एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाएँ।

प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दिया गया ज्ञापन पठित रूप में प्रेषित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button