
Date/09/02/2026
Kotdwar/Uttarakhand prime 24×7
कोटद्वार। एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग सौतेली बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को बच्ची की मां ने कोटद्वार कोतवाली में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने बच्ची को उसकी नानी के घर से सकुशल बरामद किया। बच्ची घर से बिना किसी को बताए चली गई थी और काफी डरी-सहमी हुई नजर आ रही थी।
पुलिस ने बच्ची की काउंसलिंग की और उसे विश्वास में लेकर पूछताछ की। काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि 5 फरवरी 2026 की रात उसके सौतेले पिता ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस घटना से इतना डर गई कि अगली सुबह वह घर से भागकर नानी के पास चली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटद्वार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी सौतेले पिता (जिसका नाम रोशन पांडे बताया जा रहा है, मूल रूप से देवरिया, उत्तर प्रदेश का निवासी) को नजीबाबाद रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।?
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 75(2) और पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना न केवल परिवारिक रिश्तों को शर्मसार करती है, बल्कि समाज में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करती है।




