कांग्रेस ने इंदिरा गांधी के योगदान को किया याद, सरदार पटेल की जयंती पर दी श्रद्धांजलि – Uttarakhand Prime 24X7

कांग्रेस ने इंदिरा गांधी के योगदान को किया याद, सरदार पटेल की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Date/31/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके राष्ट्र निर्माण, देश की एकता और विकास में दिए गए योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता मालरोड स्थित शहीद स्थल झूलाघर पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि इंदिरा गांधी को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने देश के विकास के साथ ही वर्ष 1971 के युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण नेतृत्व प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ। वह दो बार देश की प्रधानमंत्री बनीं और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भी सक्रिय रहीं। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। जाखन के पार्षद सुशांत वोहरा ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल दोनों ने देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन और कार्य आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस मौके पर सुमेंद्र बोहरा, भगवान सिंह धनाई, मेघ सिंह कंडारी, महेश चंद, नागेंद्र उनियाल, महिमानंद, विजय लक्ष्मी, जगपाल गुसाईं, भगवती प्रसाद कुकरेती, इमरान, उर्मिला थापा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *