2022 छात्रों को स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट की उपाधियाँ प्रदान की गईं
शिक्षा एवं कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे कीं शिरकत

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) ने अपना 22वां वार्षिक दीक्षांत समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया। समारोह की शुरुआत छात्रों द्वारा ’राष्ट्रगान’ ‘कुलगीत’ (संस्थान गीत) के गायन से हुई। इस वर्ष कुल 2022 उपाधियाँ वितरित की गईं, इनमें 1005 स्नातक, 638 स्नातकोत्तर और 379 डॉक्टरेट उपाधियाँ शामिल हैं।पुरस्कार विजेताओं, उनके परिवारों और परिसरीय समुदाय ने भौतिक रुप में कोविड के बाद पहले वार्षिक उपाधि कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता आईआईटी रुड़की की अभिशासक परिषद के अध्यक्ष श्री बी वी आर मोहन रेड्डी द्वारा की गई। भारत सरकार में माननीय शिक्षा एवं कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जीने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को सुशोभित किया। प्रो. के.के. पंत, निदेशक, आईआईटी रुड़की ने उपाधि प्राप्तकर्ताओं एवं अन्य लोगों का स्वागत किया तथा संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संस्थान के उप निदेशक, प्रोफेसर यू.पी. सिंह भी समारोह में उपस्थित थे। प्रोफेसर अपूर्ब कुमार शर्मा, कुलशासक शैक्षणिक मामले ने डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्तकर्ताओं तथा विभिन्न पदकों एवं श्रेष्ठता प्रमाणपत्रों के पुरस्कार विजेताओं, जिन्होंने अपनी विशेषज्ञता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, के बारे में जानकारी प्रस्तुत की। धर्मेंद्र प्रधान, भारत सरकार के मंत्रिमंडल में शिक्षा एवं कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री हैं। श्री प्रधान को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया जाता है तथा उन्होंने देश में शिक्षा के क्षेत्र को सक्रिय करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मजबूत नेतृत्व में कई बदलाव आए हैं, खासकर उच्च शिक्षा में।समारोह भारतीय पोशाक के एक ड्रेस कोड के तहत आयोजित किया गया, जिसमें पुरुषों के लिए कुर्ता और महिलाओं के लिए साड़ी थी।




