राजस्व पुलिस की जगह उत्तराखंड में खुले 6 नए पुलिस थाने-20 चौकियां – Uttarakhand Prime 24X7

राजस्व पुलिस की जगह उत्तराखंड में खुले 6 नए पुलिस थाने-20 चौकियां

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में छह नए पुलिस थाने एवं 20 चौकियों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजस्व क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से नियमित पुलिस के अधीन करने जा रही है। सोमवार दोपहर सचिवालय में वर्चुअल के जरिए सीएम धामी ने इन थानों व चौकियों का शुभारंभ किया।

इन छह थानों में 661 और 20 चौकियों में 696 ग्राम शामिल हैं। ये क्षेत्र इससे पहले राजस्व पुलिस के अधीन थे। उन्होंने कहा कि विकास एवं व्यवस्थाओं में परिवर्तन के साथ राज्य के जिन क्षेत्रों में राजस्व पुलिस की जगह पर नियमित पुलिस की आवश्यकता हो रही है, उनमें चरणबद्ध तरीके से यह व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था राज्य की कानून व्यवस्था का दर्पण होती है। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाने की पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी होती है। कहा कि व्यवस्थाओं को सुधारने की हमेशा गुंजाइश होती, इस दिशा में उत्तराखंड पुलिस को निरंतर कार्य करना होगा।

धामी ने कहा कि पुलिस के अफसरों को अपने नियमित कार्यों के अलावा जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार कार्य करना होगा। राज्य सरकार ने वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। पुलिस को सामाजिक सरोकारों के भी लगातार कार्य करने होंगे।

इस दौरान विधायक शैलारानी रावत, रेनू बिष्ट, सुरेश सिंह चौहान, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार आदि मौजूद रहे, जबकि विधायक राम सिंह कैड़ा, अनिल नौटियाल, भूपाल राम ट्म्टा, महेश जीना, आयुक्त गढ़वाल सुशील कुमार और संबंधित जिलों के डीएम व पुलिस कप्तान वर्चुअल के जरिए शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *