Date/06/10/2026
Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव 2026 का खटीमा में भव्य आयोजन किया गया। जनजातीय संस्कृति, कला, शिल्प, परंपरा और स्थानीय व्यंजनों को समर्पित इस महोत्सव में देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों के साथ उत्तराखण्ड की पांच प्रमुख जनजातियों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और जनजातीय जीवन एवं संस्कृति की विविधता को करीब से अनुभव किया।
महोत्सव के प्रथम दिन खटीमा की सड़कों पर भव्य जनजातीय यात्रा एवं शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय सांस्कृतिक दलों के साथ उत्तराखण्ड की जनजातियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और संगीत की झलक प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी केंद्रीय मंत्रियों के साथ खुले वाहन में इस यात्रा में शामिल हुए। मुख्य चैराहे से कार्यक्रम स्थल तक निकली इस यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर मौजूद रहे और कलाकारों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान खटीमा में जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं का भव्य दृश्य देखने को मिला।
महोत्सव का उद्घाटन उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, उत्तराखण्ड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, भरत सिंह चैधरी और राम सिंह कैड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों और जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए टीआरआई द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन पद्धति को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से खटीमा स्थित एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने हेतु 10 करोड़ रुपये की धनराशि की घोषणा की। उन्होंने पिथौरागढ़ जनपद में एकलव्य विद्यालय खोले जाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने एकलव्य विद्यालयों को जनजातीय विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षिक सुविधाओं पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति, खेल, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में टीआरआई द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उद्घाटन समारोह में जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। हनुमान अंश के कलाकारों शोभिनव सत्या और पूर्णिमा तिवारी ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जनजातीय गीतों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सराहा। महोत्सव में देशभर से आए जनजातीय समुदायों के हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और खान-पान से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए। स्थानीय व्यंजनों, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पादों और अन्य जनजातीय उत्पादों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। एकलव्य विद्यालयों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के दौरान विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और कारीगरों एवं प्रतिभागियों से संवाद किया। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई) के निदेशक एस.एस. टोलिया ने कहा, “आदि रंगोत्सव हमारी जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच देने का माध्यम है। ऐसे आयोजन कलाकारों, कारीगरों और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन जनजातीय सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं। उत्तराखण्ड की थारू, बुक्सा, जौनसारी, भोटिया और राजी जनजातियों की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपने लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से दर्शकों को भारत की जनजातीय विविधता से परिचित कराया।