Date/22/11/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों के सम्मान में आत्मीय दोपहर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव’’ सभी आमंत्रित अतिथियों को सप्रेम भेंट की। करीब 60 से 70 लोगों की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक सीमाओं से परे संवाद, सौहार्द और वैचारिक आदान-प्रदान का साझा मंच बन गया। आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ उत्तराखंड के प्रतिष्ठित चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षाविद्, सामाजिक चिंतक और वामपंथी दलों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग एक साथ जुटे और आत्मीय वातावरण में विचारों का आदान-प्रदान किया। भोज से पहले हरीश रावत ने स्वयं प्रत्येक अतिथि के पास जाकर उन्हें सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को अपने हाथों से पुस्तक भेंट की। उन्होंने सोनिया गांधी के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व में आत्मीयता और ममत्व का विशेष भाव है। उनके साथ बिताए पल उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कुमारी शैलजा के विचारों का समर्थन करते हुए उनके अनुभवों से स्वयं को जुड़ा बताया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत भी किया।
भोजन के उपरांत उपस्थित लोगों से पुस्तक की विषयवस्तु, उसके भावनात्मक पक्ष और उसमें समाहित अनुभवों को लेकर विचार एवं प्रतिक्रियाएं जानी गईं। अतिथियों ने संक्षेप में अपने विचार साझा किए और इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय परिचितों और मित्रों से एक साथ मिलने, आत्मीय बातचीत करने और विचार साझा करने का अवसर मिला है। सोनिया गांधी की पुस्तक उपहार स्वरूप मिलना इस मुलाकात को और भी खास बना गया। कई अतिथियों ने पुस्तक को पढ़ने के प्रति विशेष उत्सुकता भी दिखाई।