
Date/03/08/2026
Haridwar/Uttarakhand prime 24×7
हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित कम्युनिटी हॉल में सहायक श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा श्रमिक किट वितरण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रानीपुर विधायक आदेश चैहान और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक आदेश चैहान ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के अंतर्गत जनपद के लिए 2 नई मेडिकल मोबाइल वैन का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट, शिक्षण सामग्री किट और पोषण योजना किट भी श्रमिकों को वितरित किए। विधायक ने कहा कि इन वैन के माध्यम से पूरे जिले में भ्रमण कर पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और मनरेगा श्रमिकों के 44 प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण निशुल्क किए जाएंगे। उन्होंने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, बाल कल्याण, विद्यार्थी कल्याण, वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों से पंजीकरण कराकर लाभ लेने की अपील की। जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रमिकों के कल्याण के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चल रही हैं। सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार ने बिना पंजीकरण वाले श्रमिकों से जल्द पंजीकरण कराने को कहा। कार्यक्रम का संचालन लेबर इंस्पेक्टर मीनाक्षी भट्ट ने किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।




